04HREG251 रेलवे ट्रैक पर मिला 12वी के स्टूडेंट का शव, घर से घूमने का कहकर निकला था
गुना, 4 मार्च (हि.स.)। शहर में शनिवार को रेलवे ट्रैक पर एक 12वीं कक्षा के छात्र का शव मिला है। मृतक छात्र शुक्रवार को अपने घर से घूमने जाने का कहकर निकला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सुसाइड का मामला मान रही है। पुलिस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार शहर की कोकाटे कॉलोनी में निवासी मनोज रघुवंशी का बेटा वरुण रघुवंशी (17 वर्षीय ) कक्षा 12 का छात्र था। शुक्रवार शाम को करीब छह बजे वह अपने घर से घूमने का कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब वरुण नहीं मिला तो परिवार वालों ने देर रात में ही कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौेके पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान वरुण के रूप में की। मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने भी अपने बेटे को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सुसाइड ही मानकर चल रही है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।