02HREG145 भोपाल : मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व.नंदकुमार को पुण्य-तिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किया
भोपाल, 2 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सांसद तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व. नंदकुमार सिंह चौहान की पुण्य-तिथि पर उनका स्मरण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर स्व नंदू भईया को पुण्यतिथि पर स्मरण करते हुए लिखा जन- जन के हृदय में विशिष्ट स्थान रखने वाले, हमारे अग्रज, स्व. नंद कुमार सिंह चौहान ‘नंदू भैया’ जी की पुण्यतिथि पर कोटिश: नमन करता हूं। वे आदर्श कार्यकर्ता व सच्चे नेता थे। उनके जीवन का हर क्षण लोक कल्याण हेतु समर्पित रहा। वे अपने पुण्य कार्यों के माध्यम से सदैव दिलों में रहेंगे।
बता दें कि नंदकुमार सिंह चौहान का जन्म 8 सितम्बर 1952 को शाहपुर बुरहानपुर में हुआ था। उन्हें संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल में योगदान और संगठन को प्रदेश में मजबूत बनाने के प्रयासों के लिए याद किया जाता है। उनका पूरा जीवन सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित रहा। वे लोकप्रिय जननेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शाहपुर के नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में की थी। उनका अवसान 2 मार्च 2021 को हुआ।