कॉरिडोर के विरोध में आंदोलनकारी घर-घर जाकर मांग रहे समर्थन, जुगलघाट पर की नारेबाजी

Share

30HREG392 कॉरिडोर के विरोध में आंदोलनकारी घर-घर जाकर मांग रहे समर्थन, जुगलघाट पर की नारेबाजी

मथुरा, 30 जनवरी (हि.स.)। श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रस्तावित कॉरिडोर का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को 20वें दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। विरोध कर रहे लोगों ने अब घर-घर जाकर सहयोग मांगने की मुहिम चलाई है। सोमवार को आंदोलनकारी जुगल घाट पर एकत्रित हुए और शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

अमित गोस्वामी ने कहा कि वृंदावन घूमने फिरने की जगह नहीं है यह भक्ति का स्थान है। भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का जगह जगह वर्णन है। अनेकों संतों ने अपने-अपने पदों में वृंदावन की महिमा का वर्णन किया है। वृंदावन को समझने की ज़रूरत है न कि पर्यटक स्थल बनाने की। जुगल घाट पर नारेबाजी करने के बाद आंदोलनकारियों ने जंगलकट्टी, परिक्रमा मार्ग, वीआईपी रोड, मदन मोहन घेरा आदि इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।

दूसरी ओर कथा वाचक संजीव कृष्ण ठाकुर ने व्यास पीठ के माध्यम से सरकार से भी निवेदन किया की बृज धाम घूमने फिरने की जगह नहीं है ये तो भक्ति की जगह है। यहां लोग भगवान की भक्ति में लीन होने आते हैं। इसके अस्तित्व को कॉरिडोर बनाकर नष्ट न करें। केवल व्यवस्थाओं में सुधार कर हम बृजवासियों की भावना को समझे और कॉरिडोर रूपी इस विनाश लीला को समाप्त करे।