30HREG122 पोस्टर व्यक्ति के व्यक्तित्व का दर्पणः प्रो. सुरेन्द्र
हरिद्वार, 30 जनवरी (हि.स.)। युवाओं में सृजन की शक्ति सर्वाधिक होती है। सृजन किसी भी देश एवं समाज के विकास का सर्वाधिक महत्वपूर्ण अंग है। पोस्टर व्यक्ति के व्यक्तित्व का दर्पण है। पोस्टर के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत की गौरवगाथा एवं एकता के भिन्न-भिन्न आयामों के माध्यम से एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को जानने का स्वर्णिम अवसर मिलता है।
गुरुकुल कांगडी समविश्वविद्यालय के योग एवं शारीरिक शिक्षा संकाय के अन्तर्गत दयानंद स्टेडियम स्थित शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद की ओर से क्षेत्रीय समिति द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनवरी से अगस्त माह तक उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्रों को अमृत काल के रूप मनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
पोस्टर प्रतियोगिता का शुभारम्भ डीन, योग एवं शारीरिक शिक्षा संकाय प्रो. सुरेन्द्र कुमार ने स्वस्तिवाचन एवं दीप-प्रज्ज्वलित कर किया। पोस्टर प्रतियोगिता में भाग ले रहे छात्रों से प्रो. सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि पोस्टर के माध्यम से देश में अनेक धर्म, जाति, समुदाय, बोल-चाल, रहन सहन जैसी व्यापक विविधता होने पर भी भारत की सांस्कृतिक विरासत पूरे विश्व ऐं अग्रणी एवं प्रथम सोपान पर है। उन्होंने कहा कि कोई एक मूल तत्व हमें सांस्कृतिक विरासत से बांधे रखता है। जिसके कारण देश की एकता से जुडे मुद्दों को जानने में युवाओं के सुझाव महत्वपूर्ण हो सकते हैं और पोस्टर प्रतियोगिता इसके लिए एक बेहतर युक्ति है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए विभाग प्रभारी डॉ. अजय मलिक ने कहा कि पोस्टर का सम्बंध विचारऐं को जानने का अच्छा माध्यम है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. शिवकुमार चौहान ने पोस्टर प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं महत्व के बारे में कहा कि पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से व्यक्ति के मनोभाव एवं संकल्प शक्ति को जानने तथा समाज एवं देश की एकता तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में बेहतर कदम हो सकता है।
इसमें संयोजक डॉ. कपिल मिश्रा, सहसंयोजक डॉ. अनुज कुमार, डॉ. प्रणवीर सिंह, सुनील कुमार, दुष्यंत राणा, अश्वनी कुमार, सुरेन्द्र सिंह, मुनेश, राजेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीपीएड और बीपीईएस पाठयक्रम के छात्रों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत, स्वच्छ भारत, फिट इण्डिया, खेलो इण्डिया, वीर जवानों के योगदान एवं हिमालय की विशालता को लेकर पोस्टर बनाये। संचालन डॉ. शिवकुमार चौहान ने किया।