26HSPO9 अंतरविभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट : 10 विकेट से जीती कमर्शियल कंक्यूररस की टीम
-मुरादाबाद रेल मंडल के तत्वावधान में हो रहे
-टूर्नामेंट के पांचवें दिन ‘स्टोर्स फालकोंस’ तथा ‘कमर्शियल कंक्यूररस’ के बीच हुआ मैच
मुरादाबाद, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग सुधीर सिंह ने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल के तत्वावधान में रेलवे स्टेडियम मुरादाबाद में आयोजित हो रहे अंतरविभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें दिन गुरुवार को ”स्टोर्स फालकोंस” तथा ”कमर्शियल कंक्यूररस” के बीच मैच खेला गया।
वरिष्ठ मण्डल सामग्री प्रबन्धक प्रहलाद सिंह की कप्तानी में स्टोर्स फालकोंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर के इस मैच में पूरे 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाए। जिसमें सर्वाधिक रन बनाने वालों में दीपक सिंह ने 40 गेंदों में 21 रन, रमेश ने 17 गेंदों में एक चौके तथा एक छक्के की मदद से 20 रन तथा रामावतार ने 17 गेंदों में दो चौकों की मदद से 20 रन बनाए।
वहीं कमर्शियल कंक्यूररस की टीम ने वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट चेतन तनेजा की कप्तानी में जीतने के लक्ष्य 104 रन का पीछा करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 7.3 ओवर में ही 105 रन बनाकर विजय प्राप्त की। दिलीप सिंह 20 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 31 रन तथा राकेश त्यागी 26 गेंदों में 9 चौकों तथा 2 छक्कों की सहायता से 60 रन बनाकर दोनों खिलाड़ी नाबाद रहे। दोनों खिलाड़ियों ने अकेले ही लक्ष्य को पूरा कर अपनी टीम को विजय दिलाई। कमर्शियल कंक्यूररस टीम के राकेश त्यागी मैन ऑफ द मैच रहे।