योगीजी के नेतृत्व में प्रदेश खुशहाली की ओर : संसदीय राज्य मंत्री

Share

26HREG262 योगीजी के नेतृत्व में प्रदेश खुशहाली की ओर : संसदीय राज्य मंत्री

बिजनौर, 26 जनवरी (हि.स.)। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस समारोह पुलिस लाइन्स बिजनौर के भव्य परेड ग्राउण्ड पर पूरी भव्यता, उत्साह एवं परम्परागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उप्र पुलिस की विभिन्न शाखाओं द्वारा पुलिस उपाधीक्षक सुनीता दहिया की मुख्य कमांड में उत्कृष्ट परेड का प्रदर्शन किया गया। परेड में विभिन्न टोलियों 1- मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस की टोली 2- सशस्त्र पुलिस की टोली 3- पुलिस कार्यालय में नियुक्त जवानो की टोली 4- जनपद के विभिन्न थानों/चौकियो में तैनात नागरिक पुलिस के जवानो की टोली 5- अभियोजन कार्यालय में तैनात जवानो की टोली 6- पीएसी की टोली 7- यातायात पुलिस 8- महिला पुलिस 9- डायल-112 10- रेडियो शाखा 11- मिशन शक्ति 12- सीसीटीएनएस 13- स्वाट/सर्विलांस 14- एंटी सेबोटाज टीम/डॉग स्क्वायड, 15- मोटर साइकिल स्क्वायड 16- फायर सर्विस द्वारा प्रतिभाग किया गया।

इस अवसर पर समारोह के मुख्य अतिथि जसवंत सिंह सैनी, राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं आद्योगिक विकास, उप्र सरकार द्वारा ध्वजारोहण किया तथा परेड का निरीक्षण किया गया तथा परेड टुकड़ियों द्वारा हर्ष फायर की कार्यवाही की गई और मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खुशहाली का वातावरण बना है तथा यह प्रदेश उत्तम प्रदेश बन गया है। योगी जी के प्रयास से उप्र राज्य के बाहर से अनेकों उद्यमी अरबों रुपये निवेश कर रहे हैं। जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा और प्रदेश प्रगति के पथ पर तेजी से दौड़ेगा। इस अवसर पर उन्होंने देश के शहीदों को नमन करते हुए सैनिकों के पराक्रम की प्रशंसा की तथा उत्तर प्रदेश पुलिस को प्रदेश की कानून एवं शान्ति व्यवस्था में असाधारण सुधार के लिए बधाई दी।

मुख्य अतिथि ने जिला प्रशासन बिजनौर द्वारा जनपद में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान नया सवेरा की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की ओर पुलिस अधीक्षक बिजनौर को बधाई दी। उन्होंने जनपद पुलिस बिजनौर के कल्याण हेतु अपनी निधि से कई कार्य कराने की घोषणा मंच से की। उनके संबोधन से पूर्व पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह द्वारा परेड का मानप्रणाम ग्रहण किया गया।

परेड के पश्चात जनपद के विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक बिजनौर को पुलिस महानिदेशक उप्र द्वारा प्रदत्त प्रशंसा चिन्ह प्लेटिनम एवं पुलिस उपाधीक्षक सुनीता दहिया को राष्ट्रपति पदक एवं अन्य कई निरीक्षक/उ. निरीक्षक/मुख्या आरक्षी/आरक्षीगण को उनकी दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए भारत सरकार एवं उप्र सरकार द्वारा दिए गए पदकों से भी सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर दिनेश सिंह, पुलिस अधीक्षक बिजनौर द्वारा नशा मुक्ति अभियान नया सवेरा हेतु लिखा गया दूसरे थीम सॉन्ग को लॉन्च किया गया। जिस पर यूनिवर्सल एकेडमी के बच्चों द्वारा एक लघु नाटिक के माध्यम से बेहतरीन कला का प्रदर्शन कर जनता को जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित हजारों लोगो ने तालियां बजाकर पुलिस अधीक्षक बिजनौर द्वारा रचित गीत का भरपूर स्वागत किया।

अन्त में मुख्य अतिथि द्वारा जिलाधिकारी बिजनौर, पुलिस अधीक्षक बिजनौर, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक पूर्वी, क्षेत्राधिकारी लाइन आदि को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त सभी परेड टोली कमांडर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूल/कॉलेजों को भी पुरस्कार वितरित किए जाने के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक बिजनौर द्वारा उन पुलिस कर्मियों को भी प्रशस्तित पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए।