26HREG270 हवन-पूजन कर भक्तिभाव और हर्षोल्लास से मनाई गई वसंत पंचमी
-छोटे बच्चों का पाटी पूजन भी कराया गया
लखनऊ, 26 जनवरी (हि.स.)। वसंत पंचमी पर लखनपुरी में जगह-जगह विद्या, संगीत की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती माता की पूजा की गई। इस अवसर पर बच्चों का पाटी पूजन किया गया और चौराहों पर होलिका की डाल भी लगाई गई। पंचमी पर काफी लोग पीले परिधानों में दिखाई दिए।
डालीगंज स्थित श्रीमनकामेश्वर मंदिर-मठ में महंत दैव्यागिरी ने देवी की पूजा की। उन्होंने देवी का षोड्सोपचार पूर्वक पूजन किया। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर उन्होंने मंदिर के सामने चौराहे पर होलिका की डाली लगाई। डाली लगाने से पहले चौराहे पर फूलों से रंगोली सजाई गई। इस अवसर पर मंदिर के अन्य सेवादार और महिलाएं व पुरुष उपस्थित थे।
उधर पुराने शहर स्थित मां पूर्वी देवी मंदिर में पीले फूलों से देवी का श्रृंगार किया गया। इसके अलावा भक्तों ने हवन किए। पूजन में सभी महिलाओं व पुरुषों ने पीले वस्त्र धारण कर रखे थे।
सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्रीश्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन), लखनऊ में बसंत पंचमी के अवसर पर विशेष श्रृंगार दर्शन एवं प्रवचन हुआ। मंदिर में सुबह भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने शहरवासियों को बसंत पंचमी एवं गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भक्तों से प्रतिदिन गीता पढ़ने का संकल्प कराया। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी माता सरस्वती पूजन के कार्यक्रम हुए।