26HREG284 पश्चिमी विक्षोभ से दो दिन तक गिरेंगे तापमान, बारिश की भी संभावना
कानपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के साथ पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मैदानी क्षेत्रों में तीन तरफ से हवाएं आ रही हैं। इन हवाओं के आपस में टकराने से आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश दो दिनों तक होती रहेगी और तापमान भी गिरेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि 28 के बाद हिमालय पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे सर्द हवाओं पर रोक लग जाएगी और तापमान सामान्य होने लगेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और इससे जुड़े क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पंजाब से होते हुए हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक जा रही है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 28 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और इससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी पर औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव में 27 जनवरी के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व और इससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है। यह पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।
अगले 24 घंटों के दौरान राजस्थान में कुछ स्थानों पर शीत लहर की स्थिति संभव है। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, असम, मेघालय और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कानपुर मण्डल सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच बुंदा बांदी से हल्की बारिश की उम्मीद है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और हिमपात संभव है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 23.0 और न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 3.8 किमी प्रति घंटा रही और पिछले 24 घंटे में 9.5 मिमी बारिश हुई।