26HREG98 नागदा: गणतंत्र दिवस पर ग्रेसिम के कार्यक्रम में साउंड संचालक की दिल का दौरा पड़ने से मौत
नागदा, 26 जनवरी (हि.स.)। उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर नागदा में गुुरुवार सुबह ग्रेसिम उद्योग के गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के दौरान अकस्मात साउंड संचालक को दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। बाद के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम को प्रबंधन ने निरस्त कर दिया। हालांकि राष्ट्रध्वज फहराने की प्रकिया को पूरा किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 9 बजे ग्रेसिम खेल परिसर में बहुत बड़ा गणतंत्र दिवस कार्यक्रम होना था। इस आयोजन के लगभग 20 मिनट पहले साउंड संचालक रफीक खान को दिल का दौरा पड़ा और बाद में उनकी मौत हो गई। कार्य के समय वे बेहोश हो कर नीचे गिरे। बाद में चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस बार कार्यक्रम में उत्कृष्ट श्रमिकों का सम्मान भी होना था। उद्योग द्धारा संचालित तीनों स्कूलों के हजारों विद्यार्थी कार्यक्रम में भाग लेने वाले थे। इस घटना के बाद ग्रेसिम यूनिट हेड के सुरेश ने झंडावंदन तो किया बाद के सभी सांस्कृतिक एवं श्रमिक सम्मान समारोह को निरस्त कर दिया गया।