26HSPO7 बाबर आजम ने लगातार दूसरे वर्ष जीता आईसीसी मेन्स ओडीआई क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार
दुबई, 26 जनवरी (हि.स.)। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को आईसीसी मेन्स ओडीआई क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 चुना गया है। आजम ने लगातार दूसरे वर्ष यह पुरस्कार जीता है।
28 वर्षीय बाबर ने 2022 में केवल नौ एकदिवसीय मैच खेले और तीन शतक और पांच अर्धशतक जड़े। वह केवल एक मौके पर बल्ले से असफल रहे। यही नहीं उनके नेतृत्व में पाकिस्तान को 2022 में केवल एक वनडे में हार का सामना करना पड़ा। पिछले साल 50 ओवर के क्रिकेट में पाकिस्तान की एकमात्र हार लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई थी।
बाबर ने 2022 में एकदिनी क्रिकेट में एक के बाद एक अविश्वसनीय प्रदर्शन किया, लेकिन मार्च के अंत में लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी 114 रनों की पारी काफी यादगार थी।
उन्होंने 2022 के दौरान एकदिवसीय क्रिकेट में नौ मैचों में 84.87 की औसत से 679 रन बनाए, जिसमें तीन शतक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के एडम ज़म्पा, वेस्टइंडीज के शाई होप और ज़िम्बाब्वे के सिकंदर रज़ा भी इस पुरस्कार की दौड़ में थे।