बायो डीजल में घालमेल- हाइवे स्थित बायो डीजल पंप से दस्तावेज जब्त कर किया सील

Share

24HREG471 बायो डीजल में घालमेल- हाइवे स्थित बायो डीजल पंप से दस्तावेज जब्त कर किया सील

बुरहानपुर, 24 जनवरी (हि.स.)। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेट्रोल, डीजल पंपों की जांच को लेकर अफसर गंभीरता नहीं बरतते। जिसके कारण आए दिन लोग परेशान होते हैं, लेकिन काफी समय बाद शिकायतें मिलने पर खाद्य, नापतौल विभाग की टीम ने इंडियन आयल कंपनी अफसरों के साथ संयुक्त रूप से पेट्रोल, डीजल पंपों की जांच शुरू की। बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदौर इच्छापुर हाइवे स्थित बायो डीजल पंप को सील किया गया।

पहले से ही बायो डीजल का खेल लंबे समय से चल रहा है। महाराष्ट्र के कुछ लोग भी इच्छापुर में बायो डीजल का व्यापार संचालित कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट नगर के आसपास बायो डीजल बेचने का काला कारोबार अवैध रूप से चल रहा है। खास बात यह है कि एक दो बार कार्रवाई भी हुई है, लेकिन बाद में मामला रफा दफा कर दिया जाता है। ऐसे में इस कारोबार से जुड़े लोग बेखौफ होकर व्यवसाय चला रहे हैं। ट्रांसपोर्ट नगर में तो प्लास्टिक की कैनों में बायो डीजल बिकते हुए नजर आता है।

जांच की तो 5 लीटर में 110 एमएल कम निकला डीजल

मंगलवार को इंदौर इच्छापुर हाइवे स्थित ग्राम झिरी के समीप सुंदर बायो फ्यूल सेंटर पर बायो डीजल पंप को नापतौल विभाग द्वारा सील कर दिया गया। नापतौल विभाग निरीक्षक संगीता भंवर के अनुसार यहां 5 लीटर बायो डीजल भरवाने पर कस्टमर को करीब 110 एमएल कम दिया जा रहा था जांच के बाद पंप को सील कर दिया गया। मशीन वेरीफाई नहीं पाई गई। 110 एमएल की डिलेवरी शार्टेज थी यानी कस्टमर को को पांच लीटर पर 110 एमएल डीजल कम दिया जा रहा था। वेरीफाई और कम मात्रा में डीजल देने पर दोनों बातों का उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया गया। इसलिए पंप सील किया गया। पम्प संचालक मदनलाल चौधरी पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस दौरान कंपनी के सेल्स ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

खाद्य विभाग ने भी लिए डीजल के सैंपल, दस्तावेज जब्त किए

खाद्य निरीक्षक अर्चना नागपुरे ने बताया आज सभी पेट्रोल, डीजल पंपों की जांच की जा रही है। यहां से भी सैंपल लिए गए हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया पंपों की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। मौके पर स्टाक रजिस्टर नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज हाथ लगे है, जो जब्त किए गए हैं जिसकी जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र से आकर भी कुछ लोग करते हैं कारोबार

महाराष्ट्र से भी बुरहानपुर आकर कुछ लोग यह कारोबार कर रहे है। इसमें रसूखदारों को राजनीतिक रूप से सहयोग भी मिल रहा है। जिसके कारण कार्रवाई कभी कभार ही की जाती है। जबकि यह कारोबार क्षेत्र में बढ़े पैमाने पर संचालित हो रहा है।

इस संबंध में नापतौल निरीक्षक संगीता भंवर का कहना है कि मौके पर जांच में कमियां पाई गई इसलिए पंप को सील कर दिया गया है। अगर ठेकेदार समझौता कर जुर्माना अदा करे और मशीन को वेरीफाई करा लेगा तो ही पंप चालू होगा।