22HREG330 कानपुर में हल्की बारिश से गिरा पारा, कोहरा के भी बने आसार
– 26 जनवरी तक पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की है संभावना
कानपुर, 22 जनवरी (हि.स.)। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के साथ पश्चिमी विक्षोभ के जरिये हवाएं आ रही हैं। इन तीनों तरफ से आ रही हवाओं की आपसी टकराहट से आसमान में बादल छा गये और हल्की बारिश हुई। कहीं-कहीं पर ओले भी गिरे, जिससे एक बार फिर पारा गिर गया और सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग का कहना है कि आज से शुरु हुई हल्की बारिश 26 जनवरी तक कानपुर मण्डल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में होगी। इससे कोहरा बढ़ने के भी आसार बन गये हैं।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि इन दिनों अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के साथ पश्चिमी विक्षोभ के जरिये आ रही हवाओं से मौसम बदला हुआ है। तीनों तरफ से आ रही हवाओं के आपसी टकराहट से ओले पड़ने की संभावना है और बारिश भी होगी, जिसकी शुरुआत रविवार से हो गई है। यह हल्की बारिश 26 जनवरी तक कानपुर मण्डल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में होगी। इन दिनों तापमान में गिरावट भी होगी और आसमान में कोहरा भी बना रहेगी। ऐसे में किसान भाइयों को सलाह दी जाती है कि इन दिनों फसलों पर सिंचाई न करें। 26 जनवरी के बाद एक और पश्चिम विभोभ सक्रिय होगा जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी होगी और आसमान भी साफ रहेगा।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 21.0 और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिणी पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 1.6 किमी प्रति घंटा रही। आज जो बारिश हुई वह आटोमेटिक वेदर स्टेशन पर 0.8 मिमी दर्ज की गई है।