समाज के हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ें: ब्रजेश पाठक

Share

22HREG344 समाज के हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ें: ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 22 जनवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आगामी चुनावों के हमें पार्टी के विजय अभियान को और गति देने के लिए अपने वोट प्रतिशत को बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध ठंग से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग और तबके के लोगों को जिन्हें हमारी विचार धारा पंसद है या जो तटस्थ है, उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करना होगा।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने युवाओं को विशेष रूप से पार्टी से जोड़ने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें अपने योजनाओं के माध्यम से नौजवान साथियों को पार्टी से जोड़ने का काम करना है। सबको पता है कि सपा के शासनकाल में कैसे नौकरियां बिकती थीं? तमाम आयोग और विभाग कैसे नौकरियों में भ्रष्टाचार करते थे? भाजपा सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ लाखों लोगों को नौकरियां देने का काम किया है।

श्री पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम करते हुए लोक कल्याण के लिए काम कर रही है। हमें पूर्ण विश्वास है कि हम जनता के समर्थन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल में लोकसभा चुनावों में 80 में 80 सीटें जीतने में सफल होंगे।