22HREG52 नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों से पार्टी को मजबूत करने का किया आह्वान
गोपेश्वर, 22 जनवरी (हि.स.)। भाजपा चमोली के नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का रविवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भाजपा कार्यालय में स्वागत समारोह कार्यक्रम हुआ। इसमें नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों से अपेक्षा की गई कि जो दायित्व पार्टी ने उन्हें सौंपा है, उस पर वे खरा उतरते हुए पार्टी को जिले में और अधिक मजबूत बनायेंगे।
कार्यक्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने कहा कि जिले के सभी 18 मंडलों में अध्यक्षों को नियुक्त किया गया है। अब उनका दायित्व है कि वे पार्टी को बूथ और पन्ना स्तर तक मजबूत करेंगे। पार्टी उनसे अपनी निजी जिम्मेदारी के साथ साथ पार्टी को भी समय देने की अपेक्षा करती है। उन्होंने कहा कि सभी अध्यक्ष अपने मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर उनकी राय लेते हुए संगठन को मजबूत करें।
इस मौके पर पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माधव सेमवाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत, भेषज संघ अध्यक्ष सत्येंद्र असवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर पुष्पा पासवान, अनुसूचित जनजाति जिलाध्यक्ष गणेश शाह आदि मौजूद थे।