21HREG221 जबलपुर: कमलनाथ बोले-भाजपा ने कोई धर्म का ठेका नहीं लिया है
जबलपुर, 21 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने कोई धर्म का ठेका नहीं लिया है। हम अपनी धार्मिक भावनाओं को सियासी मुद्दा नहीं बनाते हैं। भाजपा धर्म के आधार पर राजनीति करती हैं। धर्म हमारी अंदरूनी भावना है, हम उसकी पब्लिसिटी नहीं करते हैं।
यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को जबलपुर जिले के बरगी विधानसभा के सगड़ा झपनी गांव में मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने नादिया घाट पर नर्मदा की पूजा की और गायों की पूजा कर पूड़ी खिलाई।
कमलनाथ शनिवार को धार्मिक रंग में रंगे नजर आए। कमलनाथ बरगी विधानसभा क्षेत्र के सगड़ा झपनी गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां नर्मदा के नादिया घाट पर पूजा की। यहां मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने देश का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनाया। यह मैंने अपनी भावना से बनाया है। सबकी अपनी भावनाएं होती हैं। मैंने भोपाल में भी पूजा की है। मुझे जबलपुर में नर्मदा नदी का पूजन अर्चन करने का सौभाग्य मिला। हम धर्म की राजनीति नहीं करते।
भाजपा की विकास यात्रा को बताया फ्रॉड
कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा की प्रस्तावित विकास यात्रा को फ्रॉड यात्रा बताया। साथ ही कहा कि शिवराज सरकार को चुनाव के 7 महीने पहले महाकोशल की याद आने लगी है। यह चुनावी नाटक नौटंकी है। चुनाव के 7 महीने पहले जनता का ध्यान मोड़ने की राजनीति की जा रही है और जनता को गुमराह किया जा रहा है।
कमलनाथ ने पूर्व मंत्री और बालाघाट विधायक गौरीशंकर बिसेन की छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती को स्वीकार कर लिया है। जबलपुर प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें बालाघाट से टिकट नहीं मिल रही है, तो वे भागकर छिंदवाड़ा आ रहे हैं, लेकिन छिंदवाड़ा आने पर भी मैं उनका स्वागत करता हूं। मुझे जनता पर पूरा भरोसा है कि वो 2023 के विधानसभा चुनाव में सच्चाई का साथ देगी।