जावर में 43वें एमकेएम फुटबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज़

Share

21HSPO12 जावर में 43वें एमकेएम फुटबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज़

उदयपुर, 21 जनवरी (हि. स.)। देश के सबसे बड़े राज्यस्तरीय टूर्नामेंट एमकेएम फुटबॉल के 43वें संस्करण का आगाज़ जावर में भव्य रंगारंग समारोह के साथ हुआ। समारोह का उद्घाटन अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे के मुख्य आतिथ्य और राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष, मानवेंद्र सिंह के आतिथ्य में हुआ। इस 10 दिवसीय टूर्नामेंट की मेजबानी हिंदुस्तान जिंक, जावर माइन्स मजदूर संघ के सहयोग करेगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कल्याण चौबे ने कहा कि इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनने और देश की प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में से एक के लिए हिंदुस्तान जिंक का सहयोग करने की प्रसन्नता है, जो युवा खिलाडियों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्रदान कर रहा है।

राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि वे जावर जिंक फुटबॉल प्रतियोगिता में पहली बार एक दर्शक के रूप में आये हैं। उनकी इच्छा है कि ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जाये और देश का नाम रोशन करें।

10 दिवसीय टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से 12 टीमें भाग लेंगी। इनमें पंजाब, शमा यूनाइटेड फुटबॉल क्लब मुंबई, दून स्टार एफसी, देहरादून, राजस्थान-इलेवन हिंदुस्तान जिंक-इलेवन, आरबीआई फुटबॉल टीम, मुंबई, डीएफए उदयपुर, एआरए फुटबॉल क्लब, गुजरात, एसटीएफसी सैयद ताजुद्दीन फुटबॉल क्लब, श्रीनगर, दिल्ली इलेवन, दिल्ली, आर्टिलरी सेंटर आर्मी फुटबॉल, हैदराबाद और एफसी धनबाद शामिल हैं।

इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण मिश्रा ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में हिंदुस्तान जिंक ने जिंक फुटबॉल के माध्यम से बुनियादी फुटबॉल संरचना विकसित करने का प्रयास किया है। हम राजस्थान में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने और उन्हें अवसर के साथ मंच प्रदान करने के लिये विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल जिंक फुटबॉल को बढ़ावा दे रहे हैं।