20HREG156 पंत विश्वविद्यालय के निदेशक ने धनोरी कृषि विज्ञान केंद्र का किया निरीक्षण
हरिद्वार, 20 जनवरी (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के निदेशक (प्रशासन एवं अनुश्रवण) आशीष भटगोई ने धनोरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान केन्द्र के प्रभारी अधिकारी डाक्टर पुरुषोत्तम कुमार ने निदेशक को केंद्र से जुड़ी जानकारियां दीं। निदेशक भटगोई ने केंद्र पर चल रहे एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गन्ने में जल संवर्धन विषय पर किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से कृषि से जुड़ी आधुनिक तकनीक की जानकारी का लाभ उठाना चाहिएं। उन्होंने केंद्र द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। केंद्र के प्रक्षेत्र पर स्थापित कुक्कुट पालन इकाई, मशरुम उत्पादन इकाई, अजोला उत्पादन इकाई, वर्मी कंपोस्ट इकाई, प्राकृतिक खेती इकाई, मौन पालन इकाई तथा बीज उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को केंद्र द्वारा दी जारी सेवाओं की सराहना की। समस्त स्टाफ से मिलकर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली व उनकी समस्याओं को हल करवाने का आश्वासन दिया।