20HREG196 ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को सौंपा ज्ञापन
गोपेश्वर, 20 जनवरी (हि.स.)। ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों का ग्राम विकास अधिकारियों के साथ कार्यात्मक एकीकरण किये जाने के विरोध में शुक्रवार को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन ने गोचर में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को एक ज्ञापन सौंपा और कार्यात्मक एकीकरण के शासनादेश को वापस लेने की गुहार लगायी।
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन की ओर से बीते मंगलवार से कार्यात्मक एकीकरण के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय के परिसर में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार के साथ धरना दिया जा रहा है। शुक्रवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गोचर पहुंचकर चमोली जिले के जोशीमठ भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने आये काबीना मंत्री सतपाल महाराज से भेंट की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने शासन की ओर से ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों का ग्राम विकास अधिकारियों के पदों पर कार्यात्मक एकीकरण के लिए जारी शासनादेश को निरस्त किये जाने की मांग की।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुलदीप सजवाण का कहना है कि शासन को चाहिए की कार्यात्मक एकीकरण के बजाय पंचायत राज विभाग और खंड विकास अधिकारी कार्यालय का एकीकरण किया जाए, ताकि उनके संवर्ग को इसका सीधा लाभ मिल सके।