20HREG98 निवेश का हब बन रहा उत्तर प्रदेश : असीम अरुण
लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग एवं अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की ओर से गोमतीनगर स्थित एक होटल में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट-2023 का आयोजन किया गया।
यहां निवेशकों और उद्यमी की मौजूदगी में मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण ने कहा कि यूपी को एक ट्रिलियन और भारत को पांच ट्रिलियन इकोनाॅमी बनाने के लिए निवेशकों का योगदान महत्वपूर्ण है। प्रदेश के युवा अब सरकारी नौकरी पर ही निर्भर नहीं हैं बल्कि आज वह जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बन गए हैं। इस तरह वे प्रदेश और देश के विकास में समान योगदान दे रहे हैं।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार की आर्थिक प्रगति की योजनाओं में सामाजिक न्याय और भागीदारी का अंश मौजूद है। केंद्र और प्रदेश के नेतृत्व में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के द्वारा समावेशी विकास की अवधारणा को फलीभूत किया जा रहा है।
श्री अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश को अपराधमुक्त बनाने के साथ ही आधारभूत संरचना जैसे हाईवे, एक्सप्रेस वे, रेल यातायात को सुगम बनाकर निवेश के लिए उत्तम माहौल विकसित किया गया है। प्रदेश सरकार की पारदर्शी नीतियों, सुधारों और सुदृढ़ कानून व्यवस्था के माध्यम से यूपी भारत के सर्वाधिक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है और निवेश का हब बन गया है।
राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड ने बताया कि जनजाति के उद्यमी भी अब प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
उप्र अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के चेयरमैन लालजी निर्मल ने अवगत कराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) प्रारंभ की गई है। इससे प्रदेश के लोगों को रोजगार देने के साथ ही उद्यमी भी बनाया जा रहा है।