पूर्वा दानशाह की खुली चौपाल में सीडीओ ने सुनी जनता की समस्याएं

Share

20HREG141 पूर्वा दानशाह की खुली चौपाल में सीडीओ ने सुनी जनता की समस्याएं

औरैया, 20 जनवरी (हि.स.)। ब्लॉक सहार के ग्राम पंचायत पुरवा दानशाह में जन समस्याओं को सुनने के लिए खुली चौपाल लगाई गई। जिसमें सीडीओ अनिल कुमार सिंह व खण्ड विकास अधिकारी सहार मनीष कुमार ने खुली चौपाल में जनता की समस्याओं को सुना।

सीडीओ के सामने फरियादियों ने आवास, शौचालय, तालाब, आम रास्ते, राशन कार्ड जैसे कई समस्याएं सामने रखी। जिसमें एक भी समस्या का समाधान मौके पर नहीं हो पाया। सबसे बड़ी बात यह रही कि ग्राम पंचायत पुरवा दानशाह की चौपाल ग्राम पंचायत पुरवा खुते मदारी में लगाई गई, जिससे दूसरी पंचायत में लोग कम पहुंच पाए।

इस सम्बंध में खंड विकास अधिकारी से जब ग्रामीणों ने कहा तो उन्होंने बताया कि पंचायत भवन न होने के कारण दूसरी पंचायत में इस चौपाल को लगाया गया। ग्राम पंचायत की जगह पर अवैध कब्जा है जिसके चलते चौपाल हटा करके दूसरी जगह लगाई गई। वही ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा देवीदास से रास्ते को लेकर एक समस्या खंड विकास अधिकारी को बताई गई।

ये आई समस्याएं

चौपाल में ग्रामीण मनीराम दोहरे ने बताया कि पिछली बारिश में मेरा मकान बारिश के कारण गिर गया था। जहां अभी तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है एक छप्पर के सहारे रह रहे हैं। वही मीरा देवी ने बताया कि आवास के लिए हमने कई चक्कर लगाए। कई बार प्रधान से गुहार लगाई, लेकिन अभी तक उसका कोई समाधान नहीं हो पाया है।

चौपाल में ग्राम पंचायत अधिकारी ज्योति सिंह ने बताया कि देवीदास के अधिकांश गलियां इंटरलाकिंग करवाई गई हैं। बजट आने पर नालियों का भी निर्माण कराया जायेगा तथा पंचायत की दुकानों पर अतिशीघ्र अवैध कब्जे हटवाए जायेंगे जिससे पंचायत घर का निर्माण हो सकेगा।