कानपुर में लगातार तीन दिन के बाद दो डिग्री से बढ़ा पारा, गलन बरकरार

Share

19HREG441 कानपुर में लगातार तीन दिन के बाद दो डिग्री से बढ़ा पारा, गलन बरकरार

कानपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। पछुआ हवाओं के चलने से कानपुर में लगातार तीन दिन से न्यूनतम तापमान दो डिग्री रहा। इससे भीषण गलन रही और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम की जगह दक्षिण पूर्व हुईं तो दो डिग्री से चार डिग्री तापमान हो गया, लेकिन गलन बरकरार रही। मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन सर्दी में फिलहाल कमी नहीं होगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ हिमालय पर सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से पाकिस्तान से लेकर राजस्थान तक एक साइक्लोन बना हुआ है, जो बर्फीली हवाओं को रोक रहा है। इससे जहां मैदानी क्षेत्र में हल्का तापमान बढ़ेगा तो वहीं हल्के ऊंचे क्लाउड भी बन रहे हैं। ऐसे में दिन और रात के तापमान में दो दिनों तक हल्की बढ़ोतरी होगी। जिससे सर्दी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन 23 जनवरी से दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इससे कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 22.2 और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 91 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 42 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रही जिनकी औसत गति 2.4 किमी प्रति घंटा रही।