अशोकनगर: सम्मेद शिखर जी मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, कांग्रेस जैन समाज के साथ - सरस जनवाद

अशोकनगर: सम्मेद शिखर जी मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, कांग्रेस जैन समाज के साथ

Share

01HREG199 अशोकनगर: सम्मेद शिखर जी मुद्दे पर कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार, कांग्रेस जैन समाज के साथ

अशोकनगर,01 जनवरी(हि.स.)। जैन तीर्थ सम्मेद शिखर जी को पर्यटन क्षेत्र बनाने का विरोध अब राजनैतिक मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। रविवार को कांग्रेस ने एक प्रेसवार्ता कर सम्मेद शिखर जी मुद्दे पर भाजपा पर पलटवार करते हुए सम्मेद शिखर जी को पर्यटन क्षेत्र बनाने के विरोध में जैन समाज के साथ खड़े होने की बात कही तथा भाजपा नेताओं पर भ्रम एवं झूठ फैलाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिसिंह रघुवंशी ने खुलासा करते हुए कहा कि मार्च 2018 में झारखंड की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सम्मेद शिखर स्थल को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने केन्द्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था। जिस पर से केन्द्र सरकार के पर्यावरण मंत्रालय द्वारा पारसनाथ हिल को 2019 के गजट में इको सेंसिटिव जोन के साथ इको टूरिज्म केन्द्र में घोषित किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जैन समाज के संगठनों से कोई चर्चा नहीं की गई। जो लोकतंत्र के सिद्धांत के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा टूरिज्म पॉलिसी लांच की गई जिसमें पारसनाथ हिल पर भी पर्यटन की चर्चा और योजना थी। इसके बाद जैन समाज ने पूरे देश में विरोध शुरू किया है। भाजपा सरकार के इस निर्णय के विरोध में जैन समाज के समर्थन में दिग्विजय सिंह और कमलनाथ द्वारा पत्र लिखे गए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना था कि सम्मेद शिखर जी को पर्यटन क्षेत्र बनाने के विरोध में यहां जैन समाज लगातार विरोध किया जा रहा है, पर कोई सुनवाई नहीं हुई, वहीं बीते दिनों इस विरोध के तहत भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर काले झंडे दिखाए गए किंतु भाजपा द्वारा इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन बता दिया गया और 25 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करा दिए गए। उन्होंने कहा कि जिसका कांग्रेस विरोध करती है और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी युवा पर कार्रवाई हुई तो कांग्रेस धरना देगी और आंदोलन करेगी।