भारत ने न्यूजीलैंड के सामने रखा 220 रनों का लक्ष्य, वाशिंगटन सुंदर ने खेली अर्धशतकीय पारी

Share

30HSPO1 भारत ने न्यूजीलैंड के सामने रखा 220 रनों का लक्ष्य, वाशिंगटन सुंदर ने खेली अर्धशतकीय पारी

क्राइस्टचर्च, 30 नवंबर (हि.स.)। भारत ने यहां खेले जा रहे तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 220 रनों का लक्ष्य रखा है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.3 ओवर में 219 रनों पर सिमट गई।

इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। भारत को कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल ने सधी शुरुआत दिलाई। एडम मिल्ने ने 9वें ओवर में 39 के कुल स्कोर पर शुभमन गिल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। गिल ने 22 गेंदों पर 2 चौकों की बदौलत 13 रन बनाए।

इसके बाद मिल्ने ने 55 के कुल स्कोर पर धवन को बोल्ड कर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। धवन ने 45 गेंदों पर 3 चौके और एक छक्के की बदौलत 28 रन बनाए। धवन के बाद बल्लेबाजी करने आए रिषभ पंत एक बार फिर असफल रहे और केवल 10 रन बनाकर डेरेल मिचेल का शिकार बने।

इनफॉर्म बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास नहीं कर सके और केवल 6 रन बनाकर मिल्ने का तीसरा शिकार बने। 121 के कुल स्कोर पर श्रेयस अय्यर 49 रन बनाकर लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद टिम साउथी ने दीपक हुड्डा (12) को पवेलियन भेज भारत को छठा झटका दिया। दीपक चाहर ने कुछ आक्रामक शॉट खेले और 9 गेंदों पर 2 छक्कों की बदौलत 12 रन बनाकर डेरेल मिचेल का दूसरा शिकार बने। एक तरफ गिरते विकेटों के बीच वाशिंगटन सुंदर ने धैर्यभरी पारी खेली और 64 गेंदों पर 51 रन बनाए। भारतीय टीम 47.3 ओवरों में 219 रनों पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की ओर से एडम मिल्ने और डेरेल मिचल ने 3-3, टिम साउथी ने 2 व लॉकी फर्ग्यूसन और मिचेल सैंटनर ने 1-1 विकेट लिया।