किसानों को प्राकृतिक खेती सिखाने के लिए गांवों को रवाना किए गए रथ

Share

27HREG311 किसानों को प्राकृतिक खेती सिखाने के लिए गांवों को रवाना किए गए रथ

लखनऊ, 27 नवम्बर ( हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय और उसकी सहयोगी संस्था राज योगा एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग की ओर से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में आत्मनिर्भर किसान अभियान आयोजन की शुरूआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत संस्था ने चार दिव्य किसान सेवारथ गांव की सेवा के लिए रवाना किया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व अपर मुख्य सचिव, कृषि, डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने अभियान के दिव्य रथों को हरी झडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ की ब्रम्हाकुमारी राधा दीदी ने की।

कार्यक्रम में बताया गया कि यह किसान सेवारथ 15 दिन कई गांव का भ्रमण करेंगे, जहां रथ के साथ संस्था के अनुभवी भाई- बहन किसानों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्राकृतिक खेती के तरीके सिखाएंगे। किसानों को आर्थिक सामाजिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए यह अभियान निकाला गया है।

अभियान का उद्देश्य बताते हुए संस्था के वरिष्ठ भ्राता एवं कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश में सहायक निदेशक बद्री विशाल तिवारी ने बताया कि इस अभियान द्वारा अन्न और मन दोनों को शुद्ध करने का प्रयास किया जाएगा। प्राकृतिक खेती के द्वारा अन्न तथा राजयोग के द्वारा मन को शुद्ध करने का प्रयास होगा। अन्न और मन दोनों का गहरा संबंध बताते हुए जानकारी दी गई की यदि अन्न और मन शुद्ध हो जाए तो फिर से रामराज्य की स्थापना हो सकती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रबंध निदेशक बीज विकास निग एस पी सिंह, निदेशक, कृषि विवेक कुमार सिंह, निदेशक, राज्य कृषि प्रबंध संस्थान उत्तर प्रदेश, डॉक्टर पंकज त्रिपाठी एवं त्रिपाठी नगर सेवा केंद्र की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका इंदिरा दीदी ने भी अपनी शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम का संचालन स्वर्ण लता बहन ने किया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी, किसान तथा ब्रम्हाकुमारी परिवार के सैकड़ों भाई बहन उपस्थित रहे।