23HSPO7 घरेलू क्रिकेट में वापसी करने के लिए तैयार रॉस टेलर, फोर्ड ट्रॉफी में सेंट्रल डिस्ट्रिक का करेंगे प्रतिनिधित्व
वेलिंगटन, 23 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज रॉस टेलर अपने देश के घरेलू क्रिकेट में वापसी करने के लिए तैयार हैं। टेलर फोर्ड ट्रॉफी में सत्र के अपने पहले एक दिवसीय मैच में सेंट्रल डिस्ट्रिक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार, टेलर, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, अभी भी घरेलू स्तर पर खेलने के लिए उपलब्ध हैं और ओटागो के खिलाफ सेंट्रल डिस्ट्रिक के शुरुआती मैच में खेलने के लिए चुने गए 13 खिलाड़ियों में शामिल हैं।
सेंट्रल डिस्ट्रिक के लिए यह बल्लेबाज का 20वां सीजन होगा। पिछले सीज़न में, उन्होंने सेंट्रल डिस्ट्रिक के लिए 55.80 की औसत और 137.43 की स्ट्राइक रेट से 279 रन बनाए थे, जिसमें वेलिंगटन के खिलाफ दो अर्द्धशतक और 49 गेंदों में लगाया गया एक शतक भी शामिल है।
टेलर ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो के हवाले से कहा, “पिछले साल फाइनल में जगह बनाना अच्छा था, लेकिन उम्मीद है कि हम इस साल एक बेहतर प्रदर्शन करेंगे। मैंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से रिटायरमेंट के बाद कुछ समय के लिए सेंट्रल डिस्ट्रिक के लिए नहीं खेला है, इसलिए न्यूजीलैंड में फिर से क्रिकेट खेलना अच्छा है।”
टेलर ने कहा, “एक दिवसीय क्रिकेट शायद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रारूप था, इसलिए कुछ सफेद गेंद और फोर्ड ट्रॉफी खेलना अच्छा है। मैं वास्तव में इसके लिए उत्सुक हूं।”
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की टीम इस प्रकार है: विल यंग (कप्तान), डग ब्रेसवेल, टॉम ब्रूस, जोश क्लार्कसन, डेन क्लीवर (विकेटकीपर), जेडन लेनोक्स, एजाज पटेल, ब्रेट रैंडेल, सेठ रेंस, ब्रैड श्मुलियन, रॉस टेलर, ब्लेयर टिकर और रे टोल।