विधानसभा अध्यक्ष ने 70 बाल विधायकों से किया संवाद

Share

18HREG335 विधानसभा अध्यक्ष ने 70 बाल विधायकों से किया संवाद

देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग व प्लान इंडिया इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित बाल विधानसभा में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने पहुंचकर 70 बाल विधायकों से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरान सत्र संचालन और विधायी कार्यों से जुड़ी जानकारी बाल विधायकों के साथ साझा की।

चतुर्थ बाल विधानसभा 2022 कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष की ओर उपस्थित सभी बाल विधायकों को सम्बोधित किया गया। विधानसभा की कार्यवाही व प्रश्नकाल सत्र के सम्बन्ध में प्रतिभागियों से वार्ता की गई।

प्रतिभागी बाल विधायकों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी से प्रश्नकाल व विधानसभा की प्रकिया से सम्बन्धित मुद्दों पर विस्तृत रूप से बातचीत कर अपने सवाल का संतोषजनक उत्तर प्राप्त किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागी बाल विधायकों द्वारा भी पोक्सो, नशा खोरी, लिंगानुपात व भ्रुण हत्या जैसे गम्भीर मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किये गये।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि बाल विधानसभा के यह 70 बाल विधायक प्रदेश के लाखों बच्चों के साथ-साथ देश के भविष्य के भी प्रतिनिधि हैं। ऐसे जागरूक बच्चे देश की समस्याओं के समाधान और भविष्य में नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।”

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी बाल विधायकों को विधानसभा भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। साथ ही आयोजन समिति को बाल विधानसभा का सत्र भराड़ीसैण विधानसभा भवन में भी आयोजित करने का सुझाव दिया।

बता दें कि बाल विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र शुक्रवार से देहरादून में शुरू हुआ। 19 नवंबर को बाल विधानसभा में चयनित 70 बाल विधायकों द्वारा बाल मुख्यमंत्री, बाल विधानसभा अध्यक्ष, बाल नेता प्रतिपक्ष के अलावा बाल कैबिनेट मंत्रियों का निर्वाचन किया जाएगा। इसके बाद बाल विधानसभा का गठन होगा। जिसमें राज्य के ज्वलंत मुद्दों, राजनीतिक गतिविधियों, स्वास्थ्य मिशन, कानून व न्याय व्यवसथा, पेयजल, विद्युत समेत विभिन्न समस्याओं पर बाल सदन में चर्चा होगी।

शुक्रवार को गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश चौहान द्वारा चतुर्थ बाल विधान सभा-2022 की प्रथम दिवस अभीमुखीकरण कार्यशाला का उद्घाटन किया गया। बाल विधायकों की अभीमुखीकरण कार्यशाला में बच्चों को पूर्व बाल मुख्यमंत्री, पूर्व बाल स्पीकर व पूर्व बाल प्रतिपक्ष से उनके अनुभव को सुनने का सुनहरा मौका मिला।

कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य विनोद कपरवाण, प्लान इण्डिया के अधिकारी गोपाल थपलियाल, प्रभारी सचिव एस.के. त्रिपाठी, विधि अधिकारी ममता रौथाण, बाल मनोवैज्ञानिक निशात इकबाल, वरिष्ठ सहायक नितिन राणा, कनिष्ठ सहायक शान्ति भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।