मुख्यमंत्री ने अपने दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे पिथौरागढ़, सुनीं समस्याएं

Share

12HREG327 मुख्यमंत्री ने अपने दो दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे पिथौरागढ़, सुनीं समस्याएं

पिथौरागढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान प्रथम दिवस में पिथौरागढ़ स्थित लोनिवि विश्राम गृह में मुख्य सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन की शिकायतों को सुना।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न महिला संगठनों, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, प्रधान संगठन के सदस्यों, मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों, सस्ता गल्ला विक्रेता संगठन के सदस्यों आदि से भेंटवार्ता कर उनकी समस्याओं को भी सुना।

मुख्य सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 250 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतें आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने से संबंधित थीं। इसके अलावा सड़क व पुल निर्माण, मंदिर निर्माण, रोजगार न मिलने आदि से सम्बधित शिकायतें भी लोगों ने दर्ज कराईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किये जा रहे उत्पादन कार्यों की प्रशंसा की और महिलाओं को वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से भी अवगत कराया। उन्होंने जनपद की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि वे जनपद की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

इसके बाद मुख्यमंत्री जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों व विभिन्न संगठनों के लोगों से भी भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्याएं हैं उनका समाधान अवश्य किया जाएगा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत, जिलाधिकारी रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह आदि उपस्थित थे।