27HCHP7 दीपावली के बाद अब छठ पर्व की तैयारी, मंत्री एके शर्मा ने की साफ-सफाई की समीक्षा
लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दीपावली के बाद छठ पर्व की तैयारी में जुट गई है। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने छठ पर्व के दृष्टिगत निकायों में साफ-सफाई, जलभराव, सड़कों व रास्तों के गड्ढामुक्ति, डेंगू एवं संचारी रोग की रोकथाम की गुरुवार सुबह वर्चुअल समीक्षा की।
इस दौरान मंत्री एके शर्मा ने दीपावली के बाद की सफाई व्यवस्था को पहले जैसे ही चाक चौबंद रखने के लिए निकाय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले की अपेक्षा निकायों की निरन्तर बेहतर साफ सफाई हो, इस पर पूरे मनोयोग व व्यवस्थित तरीके से कार्य होना चाहिए।
एके शर्मा ने निर्देश दिया कि निकाय अधिकारी सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करें, लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। सभी निकाय छठ पर्व पर घाटों की चाक चौबंद साफ-सफाई व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने कहा कि नदियों में फूल-माला, फलों व अर्पित सामग्री के प्रवाह को रोकने के लिए जलधारा में अर्पण कलश बनवाए जाएं। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए जलधारा में बैरिकेडिंग कराई जाए। छठ पर्व पर महिलाओं को असुविधा न हो, इसके लिए सभी स्थलों पर चेंजिंग रूम बनाए जाएं।
मंत्री ने कहा कि सामुदायिक शौचालयों व मोबाइल टॉयलेट की चौबीस घंटे सफाई कराई जाए। डेंगू व मच्छर जनित बीमारियों, संचारी रोग की रोकथाम के लिए शहरों में जलभराव को खत्म करें, एंटी लार्वा का छिड़काव करें तथा फागिंग कराएं। लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए सड़कों व रास्तों को शीघ्र गड्ढा मुक्त कराया जाए। धार्मिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई व प्रकाश एवम् सुरक्षा की व्यवस्था तथा शौचालयों की सफाई पर पूरा जोर दिया जाए।
नगर विकास मंत्री की वर्चुअल समीक्षा में डायरेक्टर नगरीय निकाय सुश्री नेहा शर्मा के अलावा प्रदेश के सभी नगर निगमों के नगर आयुक्त, नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य अधिकारी जुड़े थे।