19HSPO4 डीडी स्पोर्ट्स ने प्रो पांजा लीग के साथ आधिकारिक प्रसारण भागीदार के रूप में किया करार
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। डीडी स्पोर्ट्स ने आर्म-कुश्ती खेल प्रो पंजा लीग के साथ आगामी पहले सीज़न के लिए आधिकारिक प्रसारण भागीदार के रूप में करार किया है। पंजा लीग का आयोजन 2023 की पहली तिमाही में किया जाएगा। इस लीग में पूरे भारत के आर्म-पहलवानों की 6 टीमें शामिल होंगी व कई भार श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगी।
वर्ष 2020 में अपनी स्थापना के बाद से, प्रो पंजा लीग ने देश भर में कुछ रैंकिंग टूर्नामेंट, कई मेगा मैच और कई प्रचार कार्यक्रम आयोजित किए हैं। बॉलीवुड अभिनेता/निर्माता परवीन डबास और प्रीति झंगियानी द्वारा शुरू किए गए इस आर्म-कुश्ती लीग का उद्देश्य इस खेल को पूरे देश में फैलाना है, जिससे दर्शकों को भारत में पहली बार पेशेवर स्तर पर खेल को देखने का मौका मिलेगा।
साझेदारी पर प्रो पांजा लीग के सह-मालिक परवीन डबास ने कहा, “प्रो पांजा लीग को प्रसारित करने के लिए डीडी स्पोर्ट्स के साथ साझेदारी करना हमारे लिए बहुत गर्व की बात है क्योंकि डीडी स्पोर्ट्स देश के हर कोने तक पहुंचता है। और यही हम आर्म-कुश्ती के खेल के साथ करना चाहते हैं, इसे भारत के हर कोने में उत्तर पूर्व से लेकर जम्मू-कश्मीर तक हम पेश करना और मजबूत करना चाहते हैं। हम डीडी स्पोर्ट्स को हम पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद देते हैं और साथ में हम अपने पहले सीज़न के लिए एक ड्रीम डेब्यू की स्क्रिप्टिंग की योजना बना रहे हैं।”
सहयोग पर प्रसार भारती के सीईओ और दूरदर्शन के डीजी मयंक कुमार अग्रवाल ने कहा, “हम विशेष रूप से डीडी स्पोर्ट्स पर अपने पहले सीज़न के लिए प्रो पांजा लीग के साथ साझेदारी करके खुश हैं। हम देश में दूरदर्शन 230 मिलियन टेलीविजन परिवारों के बीच इस खेल को पहुंचाने को लेकर उत्सुक हैं। हम प्रो पांजा लीग को शुभकामनाएं देते हैं और इस यात्रा के लिए एक साथ आने को तत्पर हैं।”
प्रो पांजा लीग देश की एकमात्र लीग है जिसमें पुरुषों, महिलाओं और शारीरिक रूप से विकलांग डिवीजनों की श्रेणियां हैं और इसे भारतीय आर्म-रेसलिंग फेडरेशन द्वारा स्वीकृत किया गया है।