हरिद्वार, 20 सितंबर (हि.स.)। शहर व्यापार मण्डल के तीस सितम्बर को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चेतन ज्योति आश्रम में शुरू हुई। चुनाव अधिकारी सुदीश श्रोत्रिय ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए प्रवीण शर्मा, चन्द्रशेखर गोस्वामी व विपिन राणा महामंत्री पद के लिए विमल सक्सेना, मनीष चोटाला व प्रशांत सिंघल तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए विशाल गुलाटी व पुष्पेंद्र गुप्ता ने नामांकन पत्र लिया। इसी के साथ तीन चुनाव परिवेक्षक सुनील प्रजापति, पंकज सवन्नी, अशोक गिरी व शिव नारायण वर्मा को नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजीव संजीव चौधरी ने कहाकि जिन लोगों ने व्यापारी व व्यापार मण्डल को निजी फैक्ट्री व राजनीति स्वार्थ साधने का माध्यम बनाया हुआ था, आज उसका अंत होने जा रहा है। तानाशाही व राजशाही के अंत की आज शुरूवात हो गई है। आज हमारे व्यापारियों से किए ओपन चुनाव के वादे को पूरा होने की शुरूवात हो गई है। हमने व्यापारियों को कहा था कि हम व्यापारियों का नेता बंद कमरे वाला नहीं बल्कि उनके ही मत से चुना हुआ होगा। आज अपने वचन को हम पूरा करने जा रहे हैं।
चौधरी ने कहा कि सभी पुराने कुर्सी पर जमे हुए लोगों ने दुकान-दुकान जाकर व्यापारियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करने का दबाव बनाया, परन्तु फिर भी व्यापारी खुलकर सामने आए हैं और ये व्यापारी महापर्व पहली बार व्यापारी को देखने को मिला है। उन्होंने कहाकि सब इस महायज्ञ में आहुति डाल रहे हैं। चौधरी ने कहा की व्यापारी अब आजादी की और बढ़ रहा है। स्वयं भू नेताओ की गुलामी को तोड़ते हुए आज व्यापारियों ने अपना पहला कदम उठाया है और आखरी कील तीस सितम्बर को ठोक दी जाएगी। साथ ही हम सभी गुटों का भी आवाहन कर रहे हैं की वो भी चाहे तो आकर चुनाव लड़ या लड़ा सकते हैं।
इस अवसर पर सह चुनाव अधिकारी राजेन्द्र चोटाला, मयंकमूर्ति भट्ट, एड सागर कुमार, सदस्यता प्रमुख सुमित अरोरा,सह सदस्यता प्रमुख हरविंदर सिंह, सह सदस्यता प्रमुख संजय पाल, महानगर अध्यक्ष सर्वेश्वरमूर्ति भट्ट, महामंत्री दीपक गोनियाल व विशाल गुलाटी आदि अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।