किन्नर अखाड़ा एवं ओम नमः शिवाय में धूमधाम से मनाई गई गुरू पूर्णिमा

Share

प्रयागराज, 13 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा का पर्व आज पूरे देश में बड़े ही श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस मौके पर मठ मंदिरों, गुरुकुलों और आश्रमों में लोगों ने अपने गुरुओं की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया।

संगमनगरी के बैरहना स्थित किन्नर अखाड़ा में गुरुपूजन धूमधाम से मनाया गया। किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष व किन्नर वेलफेयर बोर्ड की सदस्य महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि और महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि महाराज ने गुरु का विधि विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। किन्नर अखाड़ा के शिष्यों ने स्वामी कौशल्यानंद गिरि और कल्याणीनंद गिरि का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया।

स्वामी कौशल्यानंद गिरि महाराज ने कहा कि यह सनातन धर्म का सबसे प्रमुख पर्व है। किन्नर समाज में गुरुपूजन पहले से होता रहा है और वही परम्परा चलती आ रही है। उन्होंने कहा कि इस पर्व से हमें बड़े-छोटे का सम्मान करने, एक-दूसरे को समझने और उनका दुःख-दर्द समझने और मदद की प्रेरणा मिलती है। स्वामी कल्याणीनंद गिरि ने सभी को आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसी कड़ी में गऊघाट स्थित ओम नमः शिवाय आश्रम में सुबह आठ बजे से रुद्राभिषेक शुरू हुआ। उसके बाद देश के कोने-कोने से आये लाखों शिष्यों और श्रद्धालुओं ने गुरूदेव का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुदेव ने सभी के लिए मंगल कामना करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात् विशाल भण्डारे के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम मे प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर और अयोध्या सहित देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालुओं ने गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में शामिल होकर गुरुदेव से आशीर्वाद लिया।