मुख्यमंत्री धामी ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना

Share

हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को जनपद हरिद्वार के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव की ससुराल कही जाने वाली पौराणिक नगरी कनखल में भगवान दक्षेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना के साथ अभिषेक किया। उन्होंने कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज व अन्य संतों से भेंट की। उन्होंने निर्मल अखाड़े को लेकर चले आ रहे विवाद व निर्मल अखाड़े के संतों की समस्याओं को भी सुना।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने बताया कि पूर्व में मुख्यमंत्री धामी ने कहा था कि अगर वह दूसरी बार मुख्यमंत्री बने तो दक्षेश्वर मंदिर पूजा अर्चना करने जरूर जाएंगे। इसी संकल्प के तहत आज वह यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा निर्मल अखाड़े में आ रही समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संज्ञान में लाया गया है। इसके लिए हमने एक ज्ञापन दिया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि जो भी उचित कार्रवाई होगी, उसे किया जाएगा।