देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक अधिकारिता न्यायमंत्री ने उस वर्ग के उत्थान की विशेष चर्चा की है जो अब तक किन्हीं भी कारणों से प्रगति की दौड़ में पीछे रहा है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले उत्तराखंड प्रवास पर हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विकास की पर्याय बन गई है।
गुरुवार को उत्तराखंड पहुंचे रामदास अठावले ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में सड़कों का जाल पूरे देश में बिछ रहा है। उत्तराखंड को भी इस योजना का भरपूर लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि मुद्रा योजना के तहत उत्तराखंड में 22 लाख से ज्यादा लोगों को लाभ मिला है। 4 लाख से अधिक लोग उज्ज्वला योजना में लाभान्वित हुए हैं, जबकि 26500 लोगों को आवास मिले हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना में अब तक पांच लाख 14 हजार लोगों को लाभ मिल चुका है। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय मंत्रालय को केन्द्र ने एक बड़ा बजट दिया है जो एक लाख करोड़ से अधिक का है। यह इस बात का प्रतीक है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज के वंचित वर्ग के सम्मान को समर्पित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आश्वासन दिया कि उनकी मंत्रालय की जो भी योजनाएं होंगी, उनमें पूरी मदद की जाएगी। सरकार जो भी प्रस्ताव या योजना भेजेगी उसमें केंद्र पूरी तरह सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि इसे संयोग ही कहेंगे कि 2014 में जनधन योजना के अंतर्गत 45 करोड़ 90 लाख खाते खोले गए। अकेले उत्तराखंड इनकी संख्या 22 लाख 15 हजार है। उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान योजना 2018 में शुरू हुई थी जिसका पूरे देश में तीन करोड़ 35 लाख लोगों को लाभ मिल चुका है। उत्तराखंड में इस योजना के तहत 5 लाख 14 हजार लाभार्थी है।
रामदास अठावले ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, वृद्ध, नशामुक्ति केन्द्र, ओबीसी आदि सभी मंत्रालयों को लेकर एक लाख 42 हजार करोड़ का बजट मिला है जो बड़ी रकम है। उन्होंने प्रश्नों के जवाब में बताया कि राज्य की ओर से आरक्षण की मांग कर केंद्र की समिति बैठक करती है। लोकसभा और राज्यसभा में प्रस्ताव आता है फिर राष्ट्रपति अपना निर्णय देते हैं। उन्होंने कहा कि घुमंतू वन गुजर इन लाभाें से वंचित है। उनका प्रयास होगा कि इस वर्ग को पूरी राहत दी जाए।
इस संदर्भ में वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी बात करेंगे और चाहेंगे कि घूमंतु वन गुजरों को पूरा-पूरा लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की सूक्ति को लेकर काम कर रही है। हमारे लिए जनता जनार्दन की सेवा महत्वपूर्ण है। किसी जाति पंथ की चिंता किए बना हम सबके कल्याण की कामना करते है।
रामदास अठावले ने कहा कि यह एनडीए तथा अन्य सरकारों के बीच का अंतर है। हमारे लिए विकास में कोई जाति, पंथ, धर्म नहीं देखा जाता जबकि अन्य राजनीतिक दल इस मामले में अलग प्रक्रिया अपनाते हैं।
महाराष्ट्र में चल रही उठापटक पर भी उन्होंने बड़ा दिया तथा कहा कि एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे के धंधे बंद कर दिए है। उन्होंने कहा कि केंद्र के मंत्रिमंडलीय विस्तार में उनकी पार्टी को एक और मंत्रालय मिलेगा तथा महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का महापौर बनेगा।