आम आदमी पार्टी ने 100 दिन के कार्यकाल को निराशाजनक: जोत सिंह बिष्ट

Share

देहरादून, 30 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड सरकार के सौ दिन के कार्यकाल को निराशाजनक बताया है। प्रदेश के समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने गुरुवार को कहा कि उत्तराखंड सरकार के पहले 100 दिन के कामकाज ने उत्तराखंड के हर तबके को पूरी तरह से निराश किया है।

राज्य सरकार द्वारा आज के अखबारों में अपनी 100 दिन की उपलब्धि के बड़े बड़े विज्ञापनों में जो झूठ परोसा गया वह तो चौंकाने वाला है। सरकार ने इन विज्ञापनों में अपनी उपलब्धियों के रूप में 13 काम लिखे हैं, जिनमें मात्र चार काम ऐसे हैं जिनको यह सरकार अपने काम के रूप में गिना सकती है, बाकी के नौ कामों में 3 काम पिछली राज्य सरकारों के समय से चल रहे हैं तथा 6 काम केन्द्र सरकार द्वारा 2022 से पहले स्वीकृत किये गए हैं। ऐसा झूठ बोलने की हिम्मत, ऐसी जुमलेबाजी करने का साहस उत्तराखंड राज्य बनने के बाद पहली बार धामी 2 सरकार ने किया है। भाजपा की इस सरकार की अकर्मण्यता का सबूत है कि अपने 4000 करोड़ के लगभग धनराशि के अनुपूरक बजट से बड़ी धनराशि जो लगभग 5000 करोड़ है, की धनराशि को विकास कार्यों में खर्च नहीं कर पाई, यही इसकी उपलब्धि है।

परिसंपत्तियों का विवाद सुलझाने के नाम पर उत्तराखंड के हितों को गिरवी रख दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने पहले 100 दिन के कार्यकाल में राज्य की जनता को केवल निराशा ही नहीं किया बल्कि हतोत्साहित किया है, प्रताड़ित किया है। सरकार 2022 के विधानसभा चुनाव के 100 दिन बाद अभी भी चुनावी मोड से बाहर निकलकर जन सरोकारों पर काम करने के बजाय अब 2024 के चुनाव की तैयारी पर लग गई है।