यूनिफर अंडर-23 टूर्नामेंट : भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने नीदरलैंड को 2-2 से ड्रा पर रोका

Share

डबलिन, 21 जून (हि.स.)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने सोमवार को डबलिन, आयरलैंड में पांच देंशों के यूनिफर अंडर-23 टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में नीदरलैंड को 2-2 से ड्रा पर रोक दिया। भारत के लिए अन्नू (19′) और ब्यूटी डुंगडुंग (37′) ने एक-एक गोल किया, जबकि डच टीम के लिए ब्रॉवर एम्बर (13′) और वैन डेर ब्रोक बेलेन (17′) ने एक-एक गोल किया।

नीदरलैंड की टीम ने पहले पांच मिनट में एक के बाद एक तीन पेनल्टी कार्नर हासिल कर भारत को शुरुआत में ही दबाव में डाल दिया। हालाँकि, भारतीय रक्षा पंक्ति ने बेहतरीन प्रदर्शन कर विपक्षी टीम को गोल नहीं करने दिया। मैच के 13वें मिनट में ब्रॉवर एम्बर ने गोल कर नीदरलैंड्स को 1-0 से आगे कर दिया।

इस गोल के चार मिनट ही मैच के 17वें मिनट में डेर ब्रोक बेलेन ने गोल कर अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हालांकि 2 मिनट बाद ही 19वें मिनट में अन्नू ने गोल कर भारत का खाता खोला और स्कोर 2-1 हो गया। हॉफ टाइम तक नीदरलैंड की टीम 2-1 से आगे रही।

हॉफ टाइम के बाद मैच के 37वें मिनट में ब्यूटी डुंगडुंग ने गोल कर भारत को 2-2 से बराबरी दिला दी और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम टूर्नामेंट के अपने तीसरे मैच में बुधवार को यूक्रेन का सामना करेगी।