आंध्र प्रदेश ने जीता केएफसी अंडर-19 टी-20 डेफ राष्ट्रीय क्रिकेट चैम्पियनशिप का खिताब

Share

नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। भारतीय डेफ क्रिकेट संघ (आईडीसीए) ने 16 जून से 19 जून के बीच बधिरों के लिए केएफसी अंडर-19 टी-20 डेफ राष्ट्रीय क्रिकेट चैम्पियनशिप का आयोजन किया। चार दिवसीय टूर्नामेंट में देश भर की टीमों ने प्रतिष्ठित टी 20 चैम्पियनशिप खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा की।

आंध्र प्रदेश डेफ ने पहले सीजन में गुजरात डेफ को 5 विकेट से हराकर टी-20 चैंपियनशिप खिताब जीता। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरे आंध्र प्रदेश के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात को केवल 97 रनों पर ढेर कर दिया।

टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज मुस्ताकिम काजी आंध्र प्रदेश के डेफ स्पिनर पी उदय कुमार के हाथों 22 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए। मैन ऑफ द मैच, पी विजया भास्कर ने आंध्र प्रदेश डेफ के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवरों में 11 रन देकर 3 विकेट लिया। साथ ही मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी जीता।

समापन समारोह 19 जून 2022 को केएफसी के सदस्यों, सुमित जैन (अध्यक्ष,आईडीसीए) और अलग-अलग क्रिकेट समुदाय के अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया था।

इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा, “सभी टीमों और इसके प्रतिभागियों ने बहुत मेहनत की और इस सीजन को सफलता दिलाई। हम भविष्य में ऐसे और टूर्नामेंटों की उम्मीद करते हैं जो देश भर में ऐसी और प्रतिभाओं को और अधिक अवसर प्रदान करेंगे।”

बता दें कि आईडीसीए ने अतीत में डेफ क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए कई सफल टूर्नामेंट आयोजित किए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से टी -20 राष्ट्रीय क्रिकेट चैंपियनशिप, एक दिवसीय राष्ट्रीय क्षेत्र क्रिकेट चैंपियनशिप टी 20 डेफ प्रीमियर लीग, केएफसी टेस्ट फॉर डेफ और महिला टी -20 राष्ट्रीय क्रिकेट चैंपियनशिप शामिल हैं।