आकांक्षा समिति ने परिषदीय विद्यालय को गोद लिया

Share

देवरिया, 17 जून (हि.स.)। आकांक्षा समिति देवरिया द्वारा नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालय स्वामी विवेकानन्द संविलियन विद्यालय राघव नगर देवरिया को गोद लिया गया।

उक्त अवसर पर विद्यालय परिसर में आकांक्षा समिति की अध्यक्ष रश्मि सिंह द्वारा विद्यालय में शैक्षणिक एवं पाठ्य सहगामी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आकांक्षा समिति के सदस्यों एवं विद्यालय के अध्यापकों की बैठक हुई। जिसमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सन्तोष कुमार राय एवं प्रधानाध्यापिका कालिंदी वर्मा के द्वारा आकांक्षा समिति की अध्यक्ष रश्मि सिंह एवं सदस्यों डाॅ शशिप्रभा (स्त्री रोग विशेषज्ञ), प्रियंका सिंह, रिचा सिंह, श्रीमती अर्शीया रहमान, माया त्रिपाठी, भारती शुक्ला, रेनु त्रिपाठी, सुधा तिवारी, सुशीला विश्वकर्मा मौजूद रहे।

बैठक में अध्यक्ष रश्मि सिंह ने निर्देश दिया कि प्रत्येक दिवस समिति के समस्त सदस्यों में से कोई एक सदस्य विद्यालय में उपस्थित होकर शैक्षणिक एवं पाठ्य सहगामी गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेंगे। जिसके लिए एक समय सारणी बनाई गई एवं प्रत्येक माह के अन्त में पठन-पाठन की विद्यालय प्रबन्ध समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समीक्षा की जाएगी।

इस अवसर पर आकांक्षा समिति की अध्यक्ष रश्मि सिंह ने विद्यालय में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था तथा ऑगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के खेल द्वारा शिक्षा से सम्बन्धित गतिविधियों का निरीक्षण किया साथ ही विद्यालय के बच्चों से बातचीत कर उनको नियमित विद्यालय में उपस्थित होने और पठन पाठन में सहभागी होने हेतु उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय पाल नारायण त्रिपाठी, जिला समन्वयक डॉ आलोक पाण्डेय भी उपस्थित रहे।