चित्रकूट में शुरु हुई बारिश से कानपुर में गिरा पारा

Share

– आसमान में छाये बादल जल्द करेंगे बारिश, खत्म हुआ लू का दौर

कानपुर, 15 जून (हि.स.)। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चित्रकूट में प्री मानसून की बारिश शुरु हो गई और कानपुर में पारा गिर गया। यहां पर भी मौसम परिवर्तन के पूरे आसार दिख रहे हैं और आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु हो गई है। इससे अब सीजन में लू का दौर लगभग खत्म हो गया और जल्द ही काले बादल प्री मानसून की बारिश करने वाले हैं। हालांकि मानसूनी बारिश 20 जून के बाद ही होगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। एक अपतटीय ट्रफ रेखा कर्नाटक तट से केरल तट तक फैली हुई है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी अरब सागर के मध्य भाग के ऊपर समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी के बीच ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। एक ट्रफ रेखा अरब सागर पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से लेकर उत्तरपूर्वी अरब सागर और कच्छ होते हुए दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तक फैली हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम होते हुए एक निम्न दबाव की रेखा देखी जा सकती है।

बताया कि प्री मानसून की बारिश चित्रकूट में शुरु हो गई है और इसका असर कानपुर में भी देखा गया। यहां का तापमान गिरकर 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आसमान में बादलों की बराबर आवाजाही जारी है, जिससे संभावना है कि एक दो दिन में यहां पर भी प्री मानसून की बारिश होगी। इस बारिश का दौर 20 जून तक चलेगा और इसके बाद मानसूनी बारिश भी शुरु हो जाएगी।