ईट टू राइट चैलेंज प्रतियोगिता में वाराणसी को पूरे देश में प्रथम स्थान मिलने पर व्यापारी गदगद

Share

—खाद्य व्यापार मंडल ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को किया सम्मानित

वाराणसी,15 जून (हि.स.)। पूरे देश में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा चलायी गयी “ईंट टू राइट” चैलेंज प्रतियोगिता में वाराणसी को प्रथम स्थान मिला है। जिले को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर खाद्य व्यापार मंडल ने खुशी जाहिर करने के साथ बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के कचहरी परिसर स्थित कार्यालय में जाकर सहायक आयुक्त ग्रेड 2, संजय प्रताप सिंह एवं वाराणसी जिला प्रशासन की ओर से बनाये गए इस अभियान के प्रभारी अपर जिलाधिकारी (नगर) गुलाब चन्द्र और अन्य अफसरों को सम्मानित किया।

मंडल के अध्यक्ष नवरतन राठी की अगुवाई में व्यापारियों ने अफसरों को पुष्प गुच्छ और काशी विश्वनाथ धाम का मोमेंटो भेंट किया। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि निश्चित रूप से इस उपलब्धि पर जिले का हर व्यक्ति गौरवान्वित हुआ है। मंडल अध्यक्ष नवरतन राठी ने बताया कि खान पान की शुद्धता और जागरूकता के लिए शुरू किए गए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के ईट टू राइट चैलेंज में पूरे देश मे वाराणसी का प्रथम स्थान ऐसे ही नही आया है । इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने डट कर जीतोड़ मेहनत और पूरी निष्ठा व मनोयोग के साथ काम किया है।

वहीं, खाद्य कारोबारियों ने भी वाराणसी की साख बनाये रखने के लिये सहयोग,समझदारी और जिम्मेदारी दिखाई। इसका परिणाम है कि इस बड़ी उपलब्धि के लिए गत 07 जून को दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने एक बड़े समारोह में वाराणसी के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त ग्रेड 2/अभिहित अधिकारी संजय प्रताप सिंह को पुरस्कृत कर सम्मानित किया था। प्रतिनिधि मंडल में अवतार सिंह,रवि धन्नानी,गौरव राठी,संदीप बरनवाल,चरणजीत सिह,रमेश कुमार सुसरानी,अनिल सोनकर, नरेश रामचंदानी आदि शामिल रहे।