बाबा नीब करौरी के कैंची धाम में उमड़ रहे लाखों की संख्या में श्रद्धालु

Share

नैनीताल, 15 जून (हि.स.)। आज 15 जून को नैनीताल जनपद में स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी के कैंची धाम में 2 वर्ष बाद हो रहे मेले-वार्षिक समारोह में सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। दोपहर बाद तक यह संख्या लाखों में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

इस संभावना के दृष्टिगत प्रशासन ने अलग यातायात योजना तैयार की है, जो बीती शाम से ही लागू हो गई हैं इस योजना के तहत कैंची धाम को ‘नो व्हीकल जोन’ बनाया गया है। यानी मंदिर तक कोई भी वाहन नहीं पहुंचेगा।

नई व्यवस्था के अनुसार हल्द्वानी से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ को जाने वाले भारी वाहन, यात्री वाहन व निजी वाहन 14 जून की शाम 5 बजे से खुटानी मोड़ भीमताल से, पदमपुरी, पोखराड़-कसियालेख-शीतला-मौना-ल्वेशाल होते हुए क्वारब को डायवर्ट किये जा रहे हैं। जबकि नैनीताल से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ को जाने वाले ऐसे ही वाहन भवाली के रामगढ़ तिराहे से मल्ला-तल्ला रामगढ़, नथुवाखान होते हुए क्वारब को डायवर्ट किये जा रहे हैं। इसी प्रकार अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ से हल्द्वानी की ओर आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से लौट रहे हैं। दूसरी ओर रानीखेत से आने वाले ऐसे ही वाहनों को खैरना पुल से क्वारब होते हुए मौना-ल्वेशाल-पदमपुरी से खुटानी बैंड के रास्ते भीमताल को डायवर्ट किया जा रहा है।

वहीं भवाली की ओर से कैंची धाम मेले में आने वाले दोपहिया वाहनों के साथ ही टैक्सी व बस शटल सेवा भी रोककर वापस भेजे जा रहे हैं। हल्द्वानी, नैनीताल की ओर से निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को पहले चरण में सिद्धि रेस्टोरेंट तक भेजा जा रहा है। वहां से हरतपा रोड व भवाली की ओर एकतरफा पार्किंग किया जा रहा हैं। द्वितीय चरण में इस स्थान में दबाव बढ़ने पर समस्त निजी वाहनों को भवाली में पार्क कर शटल सेवा से भेजा जायेगा।

इसी प्रकार खैरना से कैंची की ओर आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों को खैरना में पेट्रोल पम्प के आगे खाली जगह पर पार्क किया जा रहा है, तथा शटल सेवा से पनीराम ढाबे तक लाया और वापस ले जाया जा रहा है । प्रशासन की ओर से इस अवधि में सेना के वाहनों से आवागमन को स्थगित किये जाने के लिए अनुरोध किया गया है।