धारः तेंदुए ने घर के बाहर सो रहे परिवार पर किया हमला, नाना और नातिन घायल

Share

धार, 11 जून (हि.स.)। जिले के नालछा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हैदरी में शनिवार सुबह करीब 7.00 बजे घर के बाहर सो रहे परिवार पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इसमें परिवार के दो लोग घायल हो गए। इनमें एक पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम हैदरी निवासी 56 वर्षीय छगन अपनी पत्नी औऱ नातिन साथ घर के बाहर सो रहे थे। तभी अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। पहले तेंदुआ पत्नी पर झपटा, इसके बाद तेंदुए ने छगन पर हमला कर दिया। करीब 3 मिनट तक छगन ने तेंदुए के साथ संघर्ष किया। इसमें छगन के दाढ़ी , होंठ व जुबान में चोट आई, जबकि छाती पर पंजे की खरोंच लग गई। इसके बाद तेंदुए ने छगन को छोड़कर उनकी नातिन नौ साल की बच्ची मनीषा पर हमला कर दिया। इसमें मनीषा की दाहिनी आंख में चोट आई है। परिवार की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने बड़ी मुश्किल से तेंदुए को वहां से भगाया, लेकिन तेंदुआ भागने की बजाए उनके घर में घुस गया। ग्रामीणों ने तेंदुए को मकान में बंद कर वन विभाग की टीम को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल के ड्यूटी डाक्टर राजेंद्र वर्मा ने बताया कि घटना में छगन को दाढ़ी, होंठ व जुबान में चोट आई है, साथ ही छाती व जांघ पर पंजे के निशान लगे हैं। मनीषा की दाहिनी आंख में चोट आई है। दोनों मरीजों का सामान्य उपचार कर भर्ती कर दिया है। वहीं, वन विभाग के परिक्षेत्र सहायक नवलसिंह नरगेश ने बताया कि गांव में तेंदुआ द्वारा हमला करने की सूचना पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा है। इंदौर से भी तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए एक टीम को गांव के लिए रवाना किया गया है।

छगन की पत्नी ने बताया कि तेंदुए ने अचानक हमला किया उस समय हमें कुछ समझ नहीं आया। हम दोनों पति-पत्नी ने संघर्ष कर बच्ची को तेंदुए से छुड़वाया। हमारी मदद के लिए आसपास के लोग भी आ गए थे। उन्होंने बताया कि लोगों की आहट से तेंदुआ बच्ची को छोड़कर दरवाजा खुला होने से मकान में चला गया। तुरंत हमने दौड़कर मकान के दरवाजे को लगा दिया। उन्होंने बताया कि अगर तेंदुआ मकान में नहीं जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।