Plantation ABVP warker all districts in up
-वृक्ष मित्र बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
लखनऊ,05 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) प्रदेश में एक वर्ष के भीतर 21 लाख पौधे रोपेगी। इसके लिए पर्यावरण दिवस (5 जून) से वृक्ष मित्र बनाने के लिए एबीवीपी ने ऑनलाइन पंजीकरण अभियान शुरू किया है। एक वृक्ष मित्र कम से कम 20 पौधे रोपेगा। यह जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री घनश्याम शाही ने दी।
एबीवीपी के क्षेत्र संगठन मंत्री ने बताया कि शिमला में संपन्न परिषद की केन्द्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय किया गया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयाम विकासार्थ विद्यार्थी द्वारा देशभर एक करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि 15 अगस्त को देशभर के दो लाख गांवों में एबीवीपी के कार्यकर्ता तिरंगा फहराएंगे। पिछले वर्ष एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने एक लाख गांवों में तिरंगा फहराया था।
अगले वर्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद 75 वर्ष में प्रवेश करेगी। इसी को ध्यान में रखकर संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर दे रहा है। इस बार भी परिषद देशभर में सेल्फी विद कैंपस अभियान चलाएगी। अल्पसंख्यक युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए भी एबीवीपी अभियान चलाएगी। वहीं परिषद की पत्रिका छात्र शक्ति के पंजीकरण को एक लाख करने का लक्ष्य रखा गया है।
एबीवीपी अवध प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री अंशुल श्रीवास्तव ने बताया कि परिषद के कार्यकर्ता अवध प्रांत में चार लाख पौध रोपेंगे। अल्पसंख्यक युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए उनके साथ संवाद के कार्यक्रम रखे जाएंगे।