मेरठ में सड़क किनारे पड़ा मिला ट्रांसपोर्टर का शव, हत्या की आशंका

Share

मेरठ, 22 मई (हि.स.)। परतापुर थाना क्षेत्र के अच्छरौंडा-बहादुरपुर मार्ग पर रविवार को सड़क किनारे ट्रांसपोर्टर का शव पड़ा मिला। वह शनिवार की शाम को अपने ट्रक के हेल्पर के साथ घर से निकला था। इसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की।

परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव निवासी चमन पुत्र नवाब ट्रांसपोर्ट का काम करता था। उसका ट्रक मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर से बाहरी राज्यों में भी माल लेकर जाता था। शनिवार की देर रात चमन अपने ट्रक के हेल्पर राजकुमार के साथ बाइक से अपने घर से निकला था। इसके बाद वह रात को अपने घर नहीं पहुंचा। रविवार को लोगों को परतापुर थाना क्षेत्र में अच्छरौंडा-बहादुरपुर मार्ग पर सड़क किनारे उसका शव पड़ा मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पड़ताल की तो उसकी पहचान चमन के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने कहा कि चमन के शव पर चोटों के निशान है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। शव के पास से उसकी बाइक और मोबाइल भी गायब मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंस्पेक्टर परतापुर शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। चमन की बाइक उसके हेल्पर के घर से मिली है, जबकि ट्रक कुंडा के पास खड़ा मिला। इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस लूट के बिन्दु को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।