फिरोजाबाद : लापता नाबालिग तीन छात्राएं आगरा में मिलीं

Share

– पुलिस व परिजनों ने ली राहत की सांस

फिरोजाबाद, 22 मई (हि.स.)। शिकोहाबाद कस्बे की रेलवे कॉलोनी और नगला हैंडल की शनिवार शाम लापता हुई तीनों नाबलिग छात्राओं को शनिवार की बीती रात को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। छात्राओं की बरामदगी के बाद पुलिस व परिजनों ने राहत की सांस ली है। मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होने के बाद छात्राओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी निवासी हिमांशी (13) पुत्री सियाराम, उसकी सहेली प्रगति (12) पुत्री सुनील और नगला हैंडल निवासी गुनगुन (13) पुत्री ब्रजवीर कक्षा सात की छात्राएं है। तीनों ही अलग-अलग स्कूलों में पढ़ती हैं। लोगों ने शनिवार शाम करीब पांच बजे तीनों छात्राएं रेलवे कॉलोनी में खेलते देखा था। जब तीनों छात्राएं घर नहीं लौटी तो उनके परिजनों ने खोजबीन की। छात्राओं का पता न चलने पर उनके परिजन रात करीब साढ़े नौ बजे शिकोहाबाद थाने पहुंचे और छात्राओं के लापता होने की सूचना पुलिस को दी।

एक साथ तीन छात्राओं के लापता होने की सूचना पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म सहित अन्य तरह से छात्राओं की तलाश शुरू कर दी। एसएसपी आशीष तिवारी ने एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश नारायण के नेतृत्व में छात्राओं की तलाश के लिए आठ टीमो का गठन किया। जिसके बाद तीनों छात्राओं को शनिवार की बीतीरात आगरा कैंट स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ पुलिस ने सकुशल बरामद किया है।

एसएसपी ने बताया कि शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि तीन छात्राएं लापता हो गई थी। सूचना पर तत्काल आठ टीमों को लगाया गया। जीआरपी और आरपीएफ टीम को छात्राओं के बारे में सूचना भेजकर पूरी जानकारी दी गई।

बीती रात आगरा कैंट पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने तीनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया है। छात्राओं से पूछताछ के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। अभी छात्राओं को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया गया है। छात्राओं को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।