बड़वानी, 21 मई (हि.स.)। प्रदेश के पशुपालन एवं सामाजिक कल्याण मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने शनिवार को कृषि विज्ञान केन्द्र बजट्टा में आयोजित किसान सम्मान समारोह एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही सोसायटी के नियमित किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंत्री पटेल ने प्राकृतिक खेती और उसके साथ पशुपालन को आज की महत्ती आवश्यकता बताई।
उन्होंने बताया कि सरकार प्राकृतिक खेती और पशुपालन के लिये कई योजनाएं संचालित कर रही है। किसान बन्धु प्राकृतिक खेती से कम लागत में अच्छा उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिये सिर्फ उन्हें एक देशी गाय पालना होगी, क्योंकि एक देशी गाय से प्राप्त गोमूत्र से 25 एकड क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा सकती है। इसके लिये राज्य सरकार ने अब ऐसे किसान जो प्राकृतिक खेती के लिये देशी गाय पालेंगे, उन्हें सरकार प्रतिमाह 9 सौ रुपये का अनुदान देगी। इससे जहां हमारे खेत जहरीले बनने से रूक सकेंगे, वहीं गोवंश की भी रक्षा हो सकेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी एवं प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राजपूत ने भी किसानों को जैविक खेती के लिये प्रोत्साहित करते हुये बताया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों को प्रति वर्ष सम्मान निधि के रूप में 10 हजार रुपये 5 किश्तों में दे रही है। इससे छोटे किसानों को जरूरत के समय कृषि आदान लाने में सहुलियत हुई है। इस दौरान अतिथियों ने उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी आव्हान किया कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छौर पर रहने वालो तक पहुंचाएं, जिससे वे भी इससे लाभ लेकर अपना एवं क्षेत्र का विकास कर सके।
किसानों का साफा बांधकर किया स्वागत
किसान सम्मेलन में आये अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत कन्याओं के पूजन के साथ की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रगतिशील एवं प्रयोगधर्मी किसानों का स्वागत साफा बांधकर किया। इस दौरान अतिथियों ने क्षेत्र की सोसायटियों के ऐसे किसान जो रेग्यूलर है, उन्हें प्रशंसा पत्र देकर भी सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटेल एवं अतिथियों ने ग्राम कसरवाद में निर्मित उपस्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य भवन, नल-जल योजना का लोकार्पण किया । वहीं ग्राम तलुनखुर्द में बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन भी किया।
मंत्री पटेल ने ग्राम बोरलाय में किया मांगलिक भवन का भूमिपूजन
पशुपालन एवं सामाजिक कल्याण मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने शनिवार को ग्राम बोरलाय पहुंचकर वहां पर अनुसूचित जाति बस्ती विकास योजना के तहत बनने वाले मांगलिक भवन का भूमिपूजन कर कार्य की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ क्षेत्र के गणमान्य सुभाष जोशी, कृष्णा गोले, ग्राम के वरिष्ठजन उपस्थित थे। इस दौरान उपस्थित रहवासियों को पटेल ने बताया कि यह मांगलिक भवन निर्धारित समय पर पूर्ण होगा। जिससे उन्हें अपने पारिवारिक आयोजन हेतु एक सुसज्जित मांगलिक भवन निःशुल्क उपलब्ध रहेगा।