मुरैना, 21 मई (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अल्प प्रवास पर शनिवार को गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ जौरा पहुंचे और वहां न्यायमूर्ति जितेंद्र माहेश्वरी की माताजी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की । वहीं, वे 25 मिनट तक उनके निवास पर चर्चा करते रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए इस दौरान अधिकांश दुकाने बंद थीं और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए थे।
श्री चौहान ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि माताजी श्रीमती मोहन प्यारी देवी पुण्य आत्मा थी, उनके आशीर्वाद से माहेश्वरी परिवार समाज की बेहतर सेवा कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दु:ख की घड़ी में ईश्वर माहेश्वरी परिवार को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
शिवराज सिंह ने कहा कि माताजी का मैंने भजन गाते हुए पिछले दिनों वीडियो भी देखा था, उनके आशीर्वाद से ही माहेश्वरी परिवार जन दीन-दुखियों की सेवा में पुण्य का कार्य कर रहे हैं। वहीं, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए माताश्री को भगवान अपने चरणों में स्थान देने की कामना की। हेलीपैड पर भाजपा नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।