मुुरादाबाद, 19 मई (हि.स.)। मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि फुब्बारों में किसी को शिवलिंग नजर आ रहा है तो यह कोर्ट तय करेगा कि फव्वारा हैं या शिवलिंग हैं। मैं और आप (मीडिया) तय नहीं करेंगे। कोर्ट गलत फैसला देगा तो भी माना जाएगा और सही फैसला देगा तो भी माना जाएगा।
मुरादाबाद लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसटी हसन ने गुरुवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, इसीलिए मीडिया की भी कुछ जिम्मेदारी हैं। मीडिया को हर बात पर बाजा नहीं बजाना चाहिए, ढोल नहीं बजाना चाहिए। मीडिया आग में घी डालने का काम कर रहा हैं। मीडिया पार्टी बन कर बात करता हैं। मीडिया निष्पक्ष नहीं है। उन्होंने कहा कि हम जिस देश में रहते हैं। वह गंगा जमुनी तहजीब वाला देश हैं। हम लोग हजारों वर्षों से मिलजुल कर प्रेम सद्भाव के साथ रह रहे हैं और रहते रहेंगे। हमारी तहजीब और हमारे प्यार को कोई खत्म नहीं कर सकता।
सांसद एसटी हसन ने कहा कि देश को अस्थिर करने का काम किया जा रहा हैं। कभी हिजाब आ जाता हैं, कभी हलाल गोश्त आ जाता है और भी बहुत सी चीजें हैं। यह देश को अस्थिर करने की साजिश हैं। सरकार का काम है कि वह देखें कि कौन हिंदुस्तान को कमजोर करना चाहता हैं। हिंदुस्तान को सुपर पावर बनने से कौन रोकना चाहता हैं। वो लोग जो उनके इशारे पर काम कर रहे हैं उनके आका कहां पर हैं। देश में है या विदेश में हैं इसको सरकारें देंखें और हिंदुस्तान को बचाएं।
डाॅ. एसटी हसन ने कहा कि भाजपा कम्युनल पॉलिटिक्स करती है। अब यह उनके गले की हड्डी बन गया है। ना वह निगल सकते ना वह उगल सकते और ना विरोध कर सकते और ना ही स्वीकार कर सकते हैं। तो आखिर देश जाएगा कहां। मैं कहना चाहता हूं कि इन सब चीजों का पर्दाफाश होना चाहिए। हम सबको मिलकर हिंदुस्तान को अजीम बनाने के रास्ते पर चलना होगा। क्या सच है क्या नहीं यह कोर्ट तय करेगा। हिंदुस्तान ही नहीं पूरी दुनिया इस समय देख रही है। सबकी निगाहें हमारे ऊपर है। हमारा देश सुपर पावर बन सकता है, लेकिन कोई सुपर पावर नहीं चाहेगा कि हमारा देश सुपर पावर बनें। इसका सबसे आसान तरीका है कि यहां रह रहे लोगों के बीच दरारें डलवा दो, देश में बवाल करा दो, देश में भेदभाव फैला दो। जब तो बड़ी आबादियों में टकराव होगा तो क्या देश तरक्की करेगा।