खूनी संघर्ष में वृद्ध की मौत से गुस्साये लोगों ने लगाया राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम

Share

– एसडीएम व सीओ ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम

चित्रकूट। जिला मुख्यालय के भरतपुरी मोहल्ले में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में लाठी-डंडे चलने से एक वृद्ध की मृत्यु हो गई। दोनों पक्षों से 12 लोग घायल हुए हैं। गुस्साये लोगों ने वृद्ध का शव राष्ट्रीय राजमार्ग में रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम सदर पूजा यादव व सीओ सिटी शीतला प्रसाद पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

ये घटना बुधवार की देर रात हुई। बताया गया कि भरतपुरी मोहल्ले का रामप्रकाश पटेल (70) व उसका बेटा अशोक पटेल घर के सामने बिजली के सीमेन्ट से बने पुराने खम्भे को यह कहकर तोडने लगा कि इसमें अराजकतत्व आकर जमावडा लगाते हैं। पोल तोडने को लेकर पडोसियों ने विवाद शुरु कर दिया। दोनों पक्षों से लाठियां निकल आईं। ईंट-पत्थर बरसने लगे। रामप्रकाश के सिर में गहरी चोंट लगने से उसकी मृत्यु हो गई, जबकि बेटा अशोक समेत लवकुश, मिन्टू, राहुल, पवन, ननका व दूसरे पक्ष के वीरेन्द्र, भुल्लू, बद्री, अजय रैकवार, कल्लू रैकवार, नीरज, शंकर आदि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर एसपी अतुल शर्मा, एएसपी शैलेन्द्र कुमार राय, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पाण्डेय आदि ने पहुंचकर दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्जकर घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इधर, गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद खूनी संघर्ष में वृद्ध की मौत से आक्रोशित परिजनों ने देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग में शव रखकर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर एसडीएम सदर पूजा यादव व सीओ सिटी शीतला प्रसाद पाण्डेय आदि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।