झांसी, 19 मई(हि. स.)। विधानसभा चुनाव के बाद से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को हटाने की मुहिम जोर पकड़ी है। कभी नगर तो कभी ग्रामीण अंचल में बुल्डोजर के कहर ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है। आज फिर बुल्डोजर चलाकर बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक करोड़ से अधिक की सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में शासन द्वारा संचालित सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम को बरकरार रखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में तहसील झांसी के मौजा दिगारा में अवैध जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। भूमि संख्या 422 जो राजस्व अभिलेखों में पहाड़ के खाते में दर्ज कागजात है, पर किये गये 0.4050 हेक्टेयर पर से कब्जे को राजस्व एवं बड़ागांव थाना की पुलिस टीम द्वारा अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया है। उक्त सम्पत्ति का मूल्यांकन करते हुए इसे करीब 1 करोड़ 25 लाख रूपए बताया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के समय मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल, तहसीलदार सदर एवं थानाध्यक्ष बड़ागांव उपस्थित रहे।