उत्तराखंड और भारत पेट्रोलियम के बीच हुआ समझौता

Share

देहरादून, 19 मई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के बीच आज एक समझौते पर हस्ताक्षर हुआ। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति में ही उत्तराखंड सरकार और भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

उत्तराखंड सरकार की ओर से सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुन्दरम और भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से मुख्य महाप्रबंधक नवीनीकरण ऊर्जा शैली अब्राहम और अधिशासी निदेशक अमित गर्ग ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर उत्तराखंड के अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, बीपीसीएल के सीएमडी अरुण कुमार सिंह, निदेशक सुखमल जैन अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में राज्य में नवीन एवं नवीकरणीय एवं अन्य परियोजनाओं के विकास एवं शत प्रतिशत वित्तीय निवेश किये जाने के लिए यह एमओयू किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत पेट्रोलियम के साथ हुआ यह समझौता, प्रदेश को और आगे ले जाएगा।